बिहार सरकार की डॉक्यूमेंट्री फिल्म में समस्तीपुर के दो सरकारी स्कूलों को स्थान मिला है, जिससे जिले में शिक्षाविदों के बीच हर्ष का माहौल है।
तृतीय चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को औपबंधिक नियुक्ति पत्र प्रदान करने के लिए पटना के गांधी मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार के शिक्षा विभाग की उपलब्धियों को दर्शाने के लिए प्रदर्शित की गई डॉक्यूमेंट्री फिल्म में समस्तीपुर के दो सरकारी स्कूलों को भी स्थान दिया गया है।

नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान गांधी मैदान में सरकार की उपलब्धियों को दर्शाने के लिए तैयार की गई वृत्तचित्र फिल्म में समस्तीपुर जिले के उत्क्रमित मध्य विद्यालय लगुनियां सूर्यकंठ एवं मध्य विद्यालय दलसिंहसराय की झलक दिखाई गई।

अपने जिले की झलक देखकर नवनियुक्त विद्यालयों के अध्यापकों, शिक्षकों, शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन के पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समस्तीपुर न केवल बिहार बल्कि पूरे देश में इसी तरह अपनी पहचान बनाएगा।






